अजमेर, 5 सितम्बर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चाहने वाले और शहर के युवाओं के लिए खुशखबरी। बापू के जीवन, संघर्ष और मोहन से महात्मा तक के उनके सफर को जीवंत करने के लिए शहर में जल्द ही करीब 7.7 करोड़ रूपए की लागत से 23 हजार स्कवायर फीट क्षेत्र में गांधी स्मृति उद्यान का निर्माण किया जाएगा।
अजमेर स्मार्ट सिटी के सीईओ एवं जिला कलक्टर श्री प्रकाश राजपुरोहित ने बताया कि गांधी स्मृति उद्यान का निर्माण स्मार्ट सिटी परियोजना के द्वारा किया जाएगा। इसके लिए हरिभाऊ उपाध्याय नगर विस्तार स्थित दाहरसेन स्मारक के पास करीब 23 हजार स्कवायर फीट खाली भूमि को चिन्हित किया गया है। यहां स्थित प्राकृतिक पहाड़ों एवं अन्य संरचनाओं को यथास्थिति में रखा जाएगा। स्मृति उद्यान की डिजाइनिंग इस तरह से की गई है कि ये सब इसका भाग होंगे।
उन्होंने बताया कि गांधी स्मृति उद्यान में महात्मा गांधी के जीवन एवं दर्शन से जुड़े पहलुओं को स्थान दिया जाएगा। इसमें महात्मा गांधी की लगभग 15 फीट बड़ी प्रतिमा स्थापित होगी। इस प्रतिमा को इस प्रकार से लगाया जाएगा कि ड्रोन के माध्यम से भी देखा जा सकेगा। ऊंचाई से देखने पर महात्मा गांधी की आकृति पूरे उद्यान में नजर आएगी। उनके दर्शन से संबंधित चरखा, चश्मा, लाठी, खड़ाऊ एवं तीन बन्दरों को भी स्थान दिया जाएगा। स्मृति उद्यान में सेल्फी पोइन्ट विकसित किए जाएंगे। इससे युवा वर्ग महात्मा गांधी के दर्शन को गहराई से समझने के लिए आकर्षित होंगे।
उन्होंने बताया कि स्मृति उद्यान के एक भवन में प्रदर्शनी, पुस्तकालय एवं कियोस्क बनाए जाने का प्रावधान है। यहां गांधीजी के जीवन संघर्ष पर आधारित रेप्लिका भी प्रदर्शित होगी। इनमें महात्मा गांधी के जीवन के विविध पक्षों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही स्वाधीनता आंदोलन में महात्मा गांधी के योगदान की झलक भी देखने को मिलेगी।
addComments
एक टिप्पणी भेजें